रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जोहार पोर्टल पर अपलोड झारखंड की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा एक जून को करेंगे। इस बाबत राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव,सचिव व विभागाध्यक्षों को पत्र लिखा है ओर जोहार पोर्टल पर अपने विभाग से संबंधित सारी परियोजनाओं की प्रगति को अपलोड करने का समय दिया है।
प्रोजेक्ट भवन में होने वाली इस समीक्षा में राज्य के मुख्यमंत्री मुख्य रूप से पथ निर्माण विभाग, भवन निर्माण, पेयजल, ग्रामीण कार्य, ग्रामीण विकास सहित अन्य विभागों की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की गति की जानकारी प्राप्त करेंगे। अधिकारियों को इस वित्तीय वर्ष 2023-24 में समय-सीमा पर काम करने के लिए लक्ष्य भी देंगे। यह भी देखा जायेगा कि जो योजनाएं चल रही हैं, वह अभी तक क्यों नहीं पूरी हुई। सीएस ने विभाग के अधिकारियों को यह भी कहा कि जिन परियोजनाओं को पूरा करने में बाधा आ रही है उसकी पूरी विवरणी भी जोहार पोर्टल में अपलोड करें। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने सरकारी योजनाओं को गति देने के लिए जोहार परियोजना पोर्टल शुरू किया है, जिसमें नियमित रूप से सभी विभागों को परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट अपलोड करना है।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.



