रांची। चक्रवाती तूफान अर्नब गुरुवार को कमजोर पड़ गया है। इसके प्रभाव से पिछले 24 घंटों के दौरान रांची सहित राज्य के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। हालांकि बुधवार की तुलना में गुरुवार दोपहर तक कम बारिश देखने को मिली। लेकिन दोपहर बाद रुक -रुक कर हल्की बारिश होती रही।
बारिश होने से अधिकतम तापमान में राज्य के विभिन्न जिलों में चार से पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। इससे ठंड बढ़ गई है। वहीं बादलों के कारण न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री की वृद्धि हुई है।
आसमान साफ होने के बाद न्यूनतम तापमान में पांच से छह डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। राज्य में सबसे अधिक बारिश सरायकेला खरसावां जिले के कुकड़ में 88.4 मिमी रिकॉर्ड की गई। वहीं इस दौरान राजधानी रांची में 26.2 मिमी बारिश रिकार्ड की गई।
अर्नब के प्रभाव के कारण शुक्रवार को राज्य के पांच जिलों में वज्रपात और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज गति से हवा चलने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी है। राज्य के जिन जिलों में वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है उनमें पलामू, गढ़वा, गोड्डा, पाकुड़ और साहेबगंज शामिल है।
उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और इससे लगे दक्षिण ओडिशा, दक्षिण छत्तीसगढ़ एवं उत्तर-पूर्वी तेलंगाना के क्षेत्रों के ऊपर गहरा अवदाब (अति प्रचंड चक्रवाती तूफान “अर्नब” का अवशेष) 22 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर की ओर बढ़ रहा है। अर्नब कमजोर होकर अवदाब में बदल गया है और यह गुरुवार को दक्षिण छत्तीसगढ़ एवं इससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर केंद्रित है, जो जगदलपुर (छत्तीसगढ़) से पश्चिम, भवानीपटना (ओडिशा) से दक्षिण-पश्चिम, टिटलागढ़ (ओडिशा) से दक्षिण-पश्चिम, रायपुर (ओडिशा) से दक्षिण और संबलपुर (ओडिशा) के दक्षिण-पश्चिम में था।
इसके लगभग उत्तर की ओर बढ़ते रहने और गुरुवार की देर शाम के आसपास सुव्यक्त निम्न दाब क्षेत्र में कमजोर होने की संभावना है।
यह प्रणाली रायपुर और संबलपुर के डॉप्लर मौसम रडारों से निरंतर निगरानी में है।
दक्षिण अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र के ऊपर स्थित ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव में गुरुवार की सुबह 5.30 बजे उसी क्षेत्र के ऊपर एक निम्न दाब क्षेत्र बना है। इसके अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने एवं दक्षिण अंडमान सागर एवं इससे लगे अंडमान तथा निकोबार द्वीप समूह के ऊपर सुव्यक्त निम्न दाब क्षेत्र में परिवर्तित होने की बहुत संभावना है।
इसके बाद, पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए, इसके अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और इससे लगे अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर के ऊपर अवदाब में केंद्रित होने की संभावना है।
वहीं, गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।


