पटना। पहली बार राजधानी की प्रमुख कॉलोनियों की सड़कों का पथ निर्माण विभाग (आरसीडी) की ओर से वृहद पैमाने पर कालीकरण किया जा रहा है। दीघा के विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने मंगलवार को अनीसाबाद और जयप्रकाश नगर में 7.72 करोड़ रुपए की दो योजनाओं का कार्यारंभ किया। विधायक ने वार्ड संख्या 10 अंतर्गत अनीसाबाद की पुलिस कॉलोनी के सेक्टर ए, बी, सी और डी की सभी प्रमुख और आंतरिक सड़कों और एनएच-139 से जुड़े संपर्क पथों के कालीकरण की नारियल फोड़ कर और जेसीबी चला कर शुरुआत की। इन सड़कों की कुल लंबाई 3.80 किलोमीटर है। 7.26 करोड़ रुपए की लागत से यह काम हो रहा है।
यह भी पढ़े : देश-दुनिया के लिए कुशल मानव संसाधन का हब बनेगा यूपी : सीएम योगी
इसके अलावा वार्ड संख्या 6 स्थित जयप्रकाश नगर के रोड संख्या 3 में गंगा राय पथ से राजीव नगर रोड संख्या 24-पी तक तकरीबन 46 लाख की लागत से नाला और सड़क निर्माण का काम शुरू हुआ। यह काम मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना से हो रहा है।
31 करोड़ की 56 योजनाओं को भी मिली मंजूरी
डॉ. चौरसिया ने बताया कि पुलिस कॉलोनी की तर्ज पर पाटलिपुत्र कॉलोनी की सात प्रमुख सड़कों को भी चकाचक किया जाएगा। मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के पहले चरण में दीघा विस क्षेत्र में तकरीबन 39 करोड़ रुपए की 70 विकास योजनाओं को मंजूरी मिली थी। चुनाव की वजह से कई काम शुरू नहीं हो पाए थे। धीरे-धीरे सभी योजनाओं को मूर्त रूप दिया जा रहा है। इसी योजना के दूसरे चरण में तकरीबन 31 करोड़ की 56 अन्य योजनाओं को भी मंजूरी मिल गई है। इसकी निविदा भी निकल चुकी है। ये योजनाएं भी जल्द शुरू होंगी।
दोनों योजनाओं के कार्यारंभ के समय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष-महामंत्री के अलावा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




