रांची। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा विधायकों से झारखंड के हित और स्वाभिमान को प्राथमिकता देते हुए निर्णय लेने की अपील की है।
यह भी पढ़े : राज्यसभा चुनाव को भाजपा ने बनाया धनबल का खेल : कांग्रेस
सोमवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा परिसर में कई भाजपा विधायकों से मुलाकात हुई, जिसमें उन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अंतरात्मा की आवाज पर मतदान करने का आग्रह किया। डॉ अंसारी ने आरोप लगाया कि भाजपा बाहरी उम्मीदवारों को झारखंड पर थोपने का प्रयास कर रही है, जबकि राज्य में योग्य और सक्षम नेतृत्व की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने कहा कि झारखंड का प्रतिनिधित्व ऐसे व्यक्ति को मिलना चाहिए जो राज्य की संस्कृति, सोच और जनभावनाओं को समझता हो। उन्होंने महागठबंधन के राज्यसभा उम्मीदवार प्रणव झा के समर्थन की अपील करते हुए कहा कि भाजपा के विधायक और सांसद यदि वास्तव में झारखंड की माटी और यहां के लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हैं, तो उन्हें राज्यहित में निर्णय लेना चाहिए।




