रांची : राजधानी रांची में रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। पंडरा ओपी क्षेत्र के बजरा स्थित देवकमल हॉस्पिटल के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान आशीष तिर्की और अमन बारला के रूप में हुई है।
सुबह 6 बजे चर्च जाने के लिए निकले थे दोनों युवक
मिली जानकारी के अनुसार, आशीष तिर्की और अमन बारला रविवार सुबह करीब 6 बजे बाइक से चर्च जाने के लिए घर से निकले थे। दोनों इटकी रोड स्थित बजरा के पास पहुंचे ही थे कि एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों को बचने का मौका तक नहीं मिला।
Read more : झारखंड में सर्द हवाओं का असर तेज, सुबह-शाम घर से निकलना हुआ मुश्किल
हादसे के बाद सड़क पर उतरे परिजन और ग्रामीण
दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना से नाराज लोगों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद कटहल मोड़ से पिस्का मोड़ जाने वाली सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण
आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। इसके साथ ही हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।
पुलिस ने डंपर को किया जब्त
घटना की सूचना मिलने पर पंडरा ओपी प्रभारी विवेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को जब्त कर लिया है। वहीं, दोनों शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इलाके में पसरा मातम
दो युवकों की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अधिकारी ग्रामीणों और परिजनों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। साथ ही इलाके में सामान्य स्थिति बहाल करने की कोशिश की जा रही है।





