रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में मरीजों, एंबुलेंस और आम लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए फ्लाईओवर, अंडरपास और वैकल्पिक सड़क बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सोमवार को इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।
यह भी पढ़े : एनएचएम कर्मियों के सितंबर तक के लंबित मानदेय का अविलंब भुगतान करें : अजय कुमार सिंह
प्रस्ताव के अनुसार, रिम्स के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों को जोड़ने के लिए फ्लाईओवर या अंडरपास बनाने की योजना है। इससे ट्रॉमा सेंटर, सुपर स्पेशियलिटी विभाग और अन्य चिकित्सा इकाइयों के बीच मरीजों, चिकित्सकों तथा स्वास्थ्यकर्मियों की आवाजाही आसान हो सकेगी।
अजय कुमार सिंह ने पत्र में कहा है कि वर्तमान में रिम्स परिसर से होकर कोकर जाने वाली सड़क पर अस्पताल और आम वाहनों का दबाव रहता है। इससे परिसर में आवागमन प्रभावित होता है। आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रस्ताव में बरियातू रोड स्थित रिम्स गेट से कोकर की ओर जाने वाले आम वाहनों के लिए अलग फ्लाईओवर और सड़क बनाने की योजना भी शामिल है। इससे वाहन अस्पताल परिसर में प्रवेश किए बिना आगे बढ़ सकेंगे। परिणामस्वरूप परिसर में यातायात का दबाव कम होने और मरीजों तथा एंबुलेंस की आवाजाही सुगम होने की उम्मीद है।
अपर मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से भेजे गए पत्र की प्रति रिम्स निदेशक को भी उपलब्ध कराई है। इस पहल का उद्देश्य अस्पताल के भीतर और बाहर यातायात व्यवस्था में सुधार करना तथा मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद करना है।
हालांकि, प्रस्तावित निर्माण कार्यों की स्वीकृति, बजट और काम शुरू होने की तिथि अभी तय नहीं हुई है।


