पलामू। जिले में कैटेगरी-दाे के चार बालू घाटों की नीलामी शुक्रवार को जिला प्रशासन की ओर से ऑनलाइन झारखंड टेंडर पोर्टल के माध्यम से कराई गई। नीलामी प्रक्रिया में 13 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
यह भी पढ़े : पेसा नियमावली के प्रावधानों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी : शिल्पी
पांकी प्रखंड के बरवैया बालू घाट के लिए न्यूनतम बोली 1,29,72,623 निर्धारित थी, जिसके विरुद्ध लगभग पांच गुना अधिक 5,25,45,300 की उच्चतम बोली कमलेश प्रसाद ने लगाकर बालू घाट प्राप्त किया। इस बालू घाट की नीलामी के दौरान लगभग 50 राउंड की बोली लगाई गई, जो बालू घाटों की नीलामी के क्षेत्र में राज्य स्तर पर एक उल्लेखनीय रिकॉर्ड है।
विश्रामपुर प्रखंड के लालगढ़ बालू घाट को प्रमोद प्रसाद ने 11,56,28,600 की उच्चतम बोली लगाकर प्राप्त किया। वहीं लेस्लीगंज प्रखंड के मिसिर पतरा बालू घाट को अमित कुमार सिन्हा ने 6,16,40,500 की उच्चतम बोली के साथ प्राप्त किया। वहीं, हैदरनगर प्रखंड के कबरा कला बालू घाट को शशिकांत गुप्ता उर्फ गुड्डू गुप्ता ने 3,60,58,600 की उच्चतम बोली लगाकर प्राप्त। इस प्रकार चार बालू घाटों की नीलामी से राज्य सरकार को कुल 26,58,73,000 की राजस्व प्राप्ति होगी।
इसके पूर्व जिले के कांके खुर्द बालू घाट की नीलामी भी सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा चुकी है। इस प्रकार अब तक पलामू जिले में कैटेगरी-2 के कुल पांच बालू घाटों की सफल नीलामी संपन्न हो चुकी है।
जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने वाले सभी व्यवसायियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन की ओर से बालू घाटों के सुचारू एवं नियमानुसार संचालन के लिए आवश्यक सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने सभी सफल निविदादाताओं से अपील की कि वे निर्धारित नियमों और पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए बालू घाटों का संचालन करें और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करें।


