RANCHI : झारखंड में फिलहाल ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। हालांकि इस दौरान अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। लेकिन सुबह और शाम के समय ठंड का असर बना रहेगा, लेकिन दिन में धूप निकलने से लोगों को ठिठुरन से राहत मिलेगी। मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
मौसम विभाग की जानकारी के मुताबिक राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों—देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा और जामताड़ा—में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 18 जनवरी के बाद इन जिलों में रात की ठंड में थोड़ी कमी आएगी और दिन में हल्की गर्मी महसूस की जाएगी।
राजधानी रांची समेत हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो और कोडरमा में सुबह के समय ठंड का असर जारी रहेगा। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 7 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है। दिन में धूप निकलने से राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और शाम गर्म कपड़ों की जरूरत बनी रहेगी।
पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में मौसम अपेक्षाकृत स्थिर रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इन जिलों में कड़ाके की ठंड की स्थिति नहीं बनेगी, लेकिन सुबह हल्की ठंडक महसूस होगी।
वहीं पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा और लोहरदगा में रात और सुबह के समय ठंड का असर ज्यादा रह सकता है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। हालांकि 19 जनवरी के बाद यहां भी धीरे-धीरे ठंड से राहत मिलने के संकेत हैं और दिन का तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
कुल मिलाकर 18 से 21 जनवरी के बीच झारखंड में कड़ाके की ठंड की संभावना कम है। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलेगी। हालांकि सुबह और रात के समय ठंड बनी रहेगी, इसलिए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।




