रांची। झारखंड के विभिन्न जिलों में शनिवार से तापमान में दो डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। इसकी वजह से कनकनी में और वृद्धि होगी। यह जानकारी शुक्रवार को मौसम विभाग ने दी।
यह भी पढ़े : नीतीश सरकार की पहल से मखाना की खेती को बढावा और किसानों की आय में सार्थक सुधार: जदयू
विभाग के अनुसार तापमान में गिरावट के बाद फिर से धीरे-धीरे तीन डिग्री की वृद्धि होगी।
वहीं अगले पांच दिनों तक राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। मौसम विभाग ने दिसम्बर माह तक कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जताई है। इसके अलावा अगले पांच दिनों तक सुबह और शाम में मध्यम दर्जे का कुहासा रहने की भी बात कही गई है।
इधर, शुक्रवार को रांची सहित आसपास के जिलों में सुबह से मौसम साफ रहा, लेकिन सुबह में भारी कनकनी महसूस की गई।
दोपहर में धूप में तल्खी महसूस की गई। बावजूद इसके मध्यम दर्जे की ठंडी हवा चलने के कारण लोगों को गर्मी का एहसास नहीं हुआ।
वहीं, शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री, डाल्टनगंज में 23.2 और 5.6 डिग्री, बोकारो में 21.6 और 7.5 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 26.8 और न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।


