Patna: श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में आगामी 22 जून 2026 को आयोजित होने वाले अभिनंदन सह आभार समारोह, अति पिछड़ा सम्मेलन की तैयारियों को लेकर पटना के 27 हार्डिंग रोड में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बिहार के विभिन्न जिलों से आए अति पिछड़ा समाज के अग्रणी प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रमुख लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। सभी उपस्थित लोगों ने सम्मेलन को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने तथा व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प लिया।


बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा नेता एवं बिहार सरकार के खान- भूतत्व एवं कला -संस्कृति विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि अति पिछड़ा समाज संख्या बल के दृष्टिकोण से काफी मजबूत है, लेकिन जब समाज संगठित होकर एक मंच पर आएगा, तभी उसकी आवाज और अधिक प्रभावी एवं सशक्त होगी। उन्होंने कहा कि समाज के विकास, अधिकारों और सम्मान के लिए आपसी सहयोग, जागरूकता और संगठनात्मक मजबूती अत्यंत आवश्यक है।
मंत्री ने कहा कि भाजपा ने अभी हाल में विधान परिषद के चुनाव में अति पिछड़ा समाज के 02 लोगों को सदस्य बनाया है, इतना ही नहीं केंद्र में भी अति पिछड़ा समाज के 29 लोगों को मंत्रिमंडल में जगह मिली है। इन सभी को लेकर के अति पिछड़ा समाज में काफी उत्साह है। इसी को लेकर आगामी 22 जून को भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही नवनिर्वाचित विधान परिषद के सदस्यों का अभिनंदन होगा। सम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी जी एवं केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि आगामी सम्मेलन अति पिछड़ा समाज की एकजुटता, सामाजिक चेतना और भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण अवसर होगा। इसके माध्यम से समाज की आकांक्षाओं, समस्याओं और सुझावों को एक मजबूत मंच मिलेगा।
बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र गुप्ता एवं बिहार प्रदेश भाजपा महामंत्री राजेश झा सहित राजदेव पंडित, सरजू ठाकुर, विजय सहनी, शिव शंकर राम, विनोद गुप्ता समेत दर्जनों लोग शामिल हुए। उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया।






