रांची। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में 05 से 07 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 08 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश के साथ वज्रपात (आकाशीय बिजली) की आशंका व्यक्त की है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, 05 जुलाई को राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों के गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। वहीं 06 जुलाई को सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा और पलामू जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
इसी प्रकार 07 जुलाई को दक्षिण-पश्चिमी एवं इससे सटे मध्यवर्ती जिलों पश्चिमी सिंहभूम, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, लोहरदगा तथा रांची जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में जलभराव, तेज बहाव और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
विभाग की ओर से बताया गया कि राज्यभर में 08 जुलाई तक रुक-रुक कर वर्षा होने और कई स्थानों पर वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तथा खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें, तो राज्य में सबसे अधिक 51.6 मिलीमीटर वर्षा सिमडेगा जिले के बोलबा में दर्ज की गई। वहीं अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस पाकुड़ में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया।
राजधानी रांची में शनिवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला और कभी बादल तो कभी धूप का सिलसिला जारी रहा। रांची में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस, डाल्टनगंज का अधिकतम 35.0 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस, बोकारो थर्मल का अधिकतम 33.1 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि चाईबासा का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।




