रांची। झारखंड स्थापना दिवस और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर पुलिस विभाग में बेहतर काम करने वाले अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया जाएगा। 28 नवंबर 2026 को होने वाले मुख्य समारोह में चयनित पुलिसकर्मियों को वीरता पदक और सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य, यूपी की चीनी मिलों को मिला नया बाजार
पुलिस मुख्यालय की ओर से सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों की सूची जारी कर दी गई है। इसमें आईपीएस अधिकारियों के साथ डीएसपी, पुलिस अवर निरीक्षक और आरक्षी के नाम भी शामिल हैं।
वीरता पदक के लिए दो आईपीएस अधिकारी चयनित
आईपीएस अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह और राकेश रंजन को वीरता पदक के लिए चुना गया है। नरेंद्र कुमार सिंह वर्तमान में पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें जेसीएम-2024 के तहत यह सम्मान मिलेगा। वहीं, राकेश रंजन वर्तमान में वरीय पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं। उन्हें भी जेसीएम-2024 के तहत वीरता पदक दिया जाएगा।
छह आईपीएस अधिकारियों को सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवा पदक के लिए असीम विक्रांत मिंज, अनीशा गुप्ता, राज कुमार महता, दीपक कुमार शर्मा, मुकेश कुमार और दीपक कुमार पांडेय का चयन किया गया है।
दो डीएसपी को भी मिलेगा वीरता सम्मान
डीएसपी स्तर पर नीरज कुमार और प्रकाश सोय को वीरता पदक दिया जाएगा। नीरज कुमार फिलहाल हटिया में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे एटीएस में तैनात थे। वहीं, प्रकाश सोय पुलिस उपाधीक्षक (विधि व्यवस्था) के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे रांची के कोतवाली थाना में अपनी सेवा दे चुके हैं। दोनों अधिकारियों के नाम जेसीएम-2023 और जेसीएम-2024 की सूची में शामिल हैं।
आठ दारोगा और एक सिपाही भी होंगे सम्मानित
वीरता पदक के लिए आठ पुलिस अवर निरीक्षकों का चयन हुआ है। इनमें राजीव कुमार भगत, दिव्य प्रकाश, सनोज कुमार चौधरी, सुभाष चंद्र लकड़ा, सोनू कुमार साहू, शंकर प्रसाद कुशवाह, राजबलम कुमार और शिवलाल गुप्ता शामिल हैं।
इसके अलावा आरक्षी संख्या 621 प्रकाश कुमार यादव को भी वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, सभी चयनित अधिकारियों और जवानों को 28 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में पदक प्रदान किए जाएंगे। इस सम्मान के माध्यम से पुलिस विभाग में उनकी सेवा और योगदान को सम्मानित किया जाएगा।




