अयोध्या: प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच अब सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने के उद्देश्य से सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत की जा रही है।
इस ट्रेन का शुभारंभ सोमवार, 23 नवंबर को किया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन किए। इसके बाद अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
28 नवंबर से आम लोग कर सकेंगे यात्रा
सरयू-कमला एक्सप्रेस में आम श्रद्धालु 28 नवंबर से सफर कर सकेंगे। अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम तक करीब 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में पूरी होगी। इस ट्रेन से यात्रियों को रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार और जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार को रवाना होगी।
अयोध्या से सोमवार शाम 5:50 बजे खुलेगी ट्रेन
ट्रेन संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी। यह अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए मंगलवार दोपहर 12:40 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम से रवाना होगी। यह विभिन्न स्टेशनों से होते हुए रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
17 कोच वाली आधुनिक ट्रेन में मिलेगी सुविधा
सरयू-कमला एक्सप्रेस का संचालन आधुनिक 17 कोच वाले एलएचबी रैक से किया जाएगा। ट्रेन में यात्रियों के लिए एसी और स्लीपर दोनों श्रेणियों की सुविधा होगी।
इसमें एसी द्वितीय श्रेणी के 2, एसी तृतीय श्रेणी के 3, एसी तृतीय श्रेणी इकोनॉमी के 3 और स्लीपर श्रेणी के 7 कोच होंगे। इसके अलावा दो अन्य विशेष कोच भी लगाए जाएंगे।
10 स्टेशनों पर होगा ठहराव
इस ट्रेन को रास्ते में 10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। इनमें जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम शामिल हैं।
इससे उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
अयोध्या और जनकपुर के धार्मिक रिश्ते होंगे मजबूत
अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है। दोनों स्थानों का रामायण काल से गहरा धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध है।
सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को दोनों धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस रेल सेवा से भारत और नेपाल के बीच व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। सरयू-कमला एक्सप्रेस दोनों देशों के बीच मित्रता और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




