गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में जंगली हाथी के हमले में एक किसान की मौत हो गई। घटना रमकंडा थाना क्षेत्र के ऊपरी टोला (पथलाही टोला) की है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय संतोषी यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। उन्होंने मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों को घेर लिया और मुआवजे की मांग की।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह संतोषी यादव अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल के पास स्थित खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक जंगल से हाथियों का झुंड निकल आया और उन पर हमला कर दिया। हाथी ने किसान को सूंड़ से लपेटकर कई बार पटका और घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। इसके बाद उसे कुचलकर मार डाला।
काफी देर तक संतोषी यादव घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जंगल के पास खेत में हाथियों के पैरों के निशान मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने खोजबीन की तो किसान का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने वन विभाग से उचित मुआवजा देने और हाथियों के हमले की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। इसी दौरान मौके पर पहुंचे वन कर्मियों को ग्रामीणों ने घेर लिया। उन्हें बंधक बनाए जाने की भी चर्चा है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।





