जमशेदपुर : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को मूलनिवासी संघ की ओर से पूर्वी सिंहभूम में उपायुक्त कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया गया। संगठन ने ओबीसी, एससी, एसटी और अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान की मांग की। इस दौरान राष्ट्रपति के नाम संबोधित मांगपत्र उपायुक्त के माध्यम से सौंपा गया।
मूलनिवासी संघ ने मांगपत्र में देशभर में जाति आधारित जनगणना कराने की मांग की। संगठन का कहना है कि सभी जातियों और वर्गों की आबादी के अनुसार केंद्र और राज्य सरकार के विभागों में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
इसके अलावा राष्ट्रीय न्यायिक आयोग के गठन की मांग भी उठाई गई। संगठन ने जिला न्यायालय, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में ओबीसी, एससी, एसटी और अल्पसंख्यक समुदायों को उचित प्रतिनिधित्व और आरक्षण देने की मांग की।
संघ ने इन समुदायों के सामाजिक और शैक्षणिक विकास के लिए केंद्रीय बजट में अलग से पर्याप्त राशि निर्धारित करने की मांग की। साथ ही कहा कि विकास के लिए आवंटित राशि का उपयोग उसी उद्देश्य के लिए किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान झारखंड में ओबीसी आरक्षण बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने की मांग भी उठाई गई। संगठन ने कहा कि संविधान में दिए गए अधिकारों और सामाजिक न्याय को लागू करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। संघ ने फुले, शाहू और अंबेडकर के विचारों के आधार पर बहुजन समाज के अधिकारों की लड़ाई जारी रखने की बात कही।
वहीं, संविधान दिवस के अवसर पर पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक (पीपीआईडी) की ओर से भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत राष्ट्रव्यापी संविधान महोत्सव, संविधान प्रबोधन और पथ संचलन किया गया।
इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संविधान के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही 10 संवैधानिक प्रावधानों को लागू करने की मांग उठाई गई। झारखंड स्थापना दिवस के संदर्भ में राज्य निर्माण के उद्देश्यों और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर भी चर्चा की गई।





