पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को वैशाली स्थित बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 11 से 13 दिसंबर तक होने वाले तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने सम्मेलन के लिए बनाए जा रहे मुख्य मंच और परिसर में चल रही अन्य तैयारियों का जायजा लिया।
बौद्ध देशों से आने वाले मेहमानों के लिए होगी विशेष व्यवस्था
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आगंतुक केंद्र में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कहा कि मेहमानों के रहने, खाने-पीने, सुरक्षा और आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें।
बोधगया और राजगीर सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का कराया जाएगा भ्रमण
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सम्मेलन में आने वाले विदेशी प्रतिनिधियों को बिहार के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाए। इसके लिए पर्यटन विभाग के साथ मिलकर बोधगया, राजगीर और केसरिया सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की यात्रा की योजना तैयार करने को कहा।
उन्होंने बौद्ध देशों को आमंत्रण भेजने और वहां के प्रतिनिधियों से लगातार संपर्क बनाए रखने के लिए विशेष टीम गठित करने का भी निर्देश दिया। मेहमानों के आवागमन के लिए ई-बसों की व्यवस्था करने को कहा।
वैशाली में बनेगा स्थायी हेलीपैड
मुख्यमंत्री ने वैशाली के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए यहां स्थायी हेलीपैड बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर भी स्थायी हेलीपैड विकसित करने की योजना तैयार की जाए, ताकि पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आने-जाने में सुविधा हो।
सड़कों की मरम्मत और साफ-सफाई पर जोर
सम्राट चौधरी ने सम्मेलन से पहले परिसर तक पहुंचने वाली सड़कों को दुरुस्त करने और विशेष यातायात व्यवस्था बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
इसके अलावा अभिषेक पुष्करणी तालाब का सौंदर्यीकरण कराने और वहां विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाने को कहा, ताकि परिसर में मेले जैसा माहौल बन सके। आसपास के गांवों और संपर्क मार्गों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, विधायक सिद्धार्थ पटेल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को समय पर तैयारियां पूरी करने और सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारी से काम करने का निर्देश दिया।
Read more : बाल विवाह मुक्त भारत बनाने की पहल, रांची में 100 दिनों तक चलेगा जागरूकता अभियान





