गुमला (भरनो): झारखंड राज्य किसान सभा की गुमला जिला कमेटी की ओर से शुक्रवार को भरनो प्रखंड कार्यालय के सामने किसान महापड़ाव आयोजित किया गया। संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया। किसानों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, धान की उचित कीमत, कर्ज माफी और जमीन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की।
महापड़ाव के बाद किसानों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गुमला उपायुक्त के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
MSP 25.50 रुपये प्रति किलो की दर से धान खरीदने की मांग
किसानों ने मांग की कि पंचायत स्तर पर धान क्रय केंद्र खोले जाएं और घोषित MSP 25 रुपये 50 पैसे प्रति किलो की दर से धान की खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने 17 से 19 रुपये प्रति किलो की कम कीमत पर धान खरीदने पर रोक लगाने और किसानों का पूरा कर्ज माफ करने की मांग भी की।
कार्यक्रम में झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव और अखिल भारतीय किसान सभा की राष्ट्रीय केंद्रीय कमेटी के सदस्य सुफल महतो मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि 13 महीने तक चले किसान आंदोलन में 736 किसानों की शहादत के बाद तीनों कृषि कानून वापस लिए गए थे। 10 दिसंबर 2021 को केंद्र सरकार और किसान संगठनों के बीच लिखित समझौता हुआ था, लेकिन अब तक इसे पूरी तरह लागू नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में धान का घोषित MSP 25.50 रुपये प्रति किलो है, जबकि किसानों को 17 से 19 रुपये प्रति किलो की दर से धान बेचना पड़ रहा है। इससे किसानों को उचित कीमत नहीं मिल रही है।
जमीन और आवास से जुड़ी समस्याओं का उठाया मुद्दा
किसान सभा ने ज्ञापन में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ देने, जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा की रक्षा करने तथा CNT एक्ट को सुरक्षित रखने की मांग की।
इसके अलावा जमीन के ऑनलाइन रिकॉर्ड में सुधार, 1928 के सर्वे के अनुसार जमीन का रिकॉर्ड दुरुस्त करने और दाखिल-खारिज में घूसखोरी रोकने की मांग की गई। डाईर जतरा स्थल की जमीन से जुड़े डीड और दाखिल-खारिज को रद्द करने की मांग भी उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों ने डाईर जतरा स्थल विवाद में थाना प्रभारी और अंचलाधिकारी की भूमिका की जांच कराने की मांग की। साथ ही रतिया उरांव और उनके साथियों पर दर्ज मुकदमे की न्यायिक जांच कराने की बात कही।
सिंचाई, पेंशन और हाथियों के आतंक से राहत की मांग
किसानों ने जरूरतमंद परिवारों को आवास, पेंशन, राशन, सिंचाई कूप, तालाब और किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा पारस डैम के दरवाजे की मरम्मत और हाथियों के आतंक से प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग भी उठाई गई।
महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ भी आवाज उठाई
महापड़ाव में महंगाई, बेरोजगारी, निजीकरण, पलायन और विस्थापन पर रोक लगाने की मांग की गई। किसानों ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, बीज, बिजली और खनिज विधेयक के साथ चारों लेबर कोड रद्द करने की मांग भी रखी।
इसके अलावा मनरेगा को फिर से लागू करने, साल में 200 दिनों का काम और 600 रुपये दैनिक मजदूरी देने तथा सभी महिलाओं को मंईयां योजना का लाभ देने की मांग की गई।
अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर किया सड़क जाम
महापड़ाव के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी के कार्यालय में मौजूद नहीं रहने पर किसानों ने नाराजगी जताई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया।
बाद में दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से ज्ञापन लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मांगपत्र राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और गुमला उपायुक्त तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
झारखंड राज्य किसान सभा के संयुक्त सचिव मदुवा कच्छप ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार संघर्ष करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम को शंकर उरांव, रतिया उरांव, अनिल उरांव, मिला कुजुर, चंद्रदेव उरांव और मिली उरांव सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।





