पटना: मोकामा विधायक अनंत सिंह ने सरेंडर करने की तारीख तय कर दी है। वह अब 4 दिसंबर को पटना हाईकोर्ट में सरेंडर करेंगे। एक मीडिया चैनल से बातचीत में उन्होंने खुद इसकी जानकारी दी। बेटी शिवांगी की शादी संपन्न होने के बाद अनंत सिंह ने अपने अगले कदम का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें पटना हाईकोर्ट पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि उन्हें न्याय मिलेगा। साथ ही उन्होंने जल्द जेल से बाहर आने की उम्मीद भी जताई।
बेटे के चुनाव लड़ने पर परिवार और जनता से लेंगे राय
अनंत सिंह ने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद ही वह अपनी आगे की राजनीतिक रणनीति तय करेंगे। बेटे के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले बेटे और जनता से राय ली जाएगी। इसके बाद ही कोई फैसला किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि जेल से बाहर आने के बाद बिहार के अलग-अलग इलाकों का दौरा करेंगे।
विधानसभा नहीं, अब लोकसभा चुनाव लड़ेंगे अनंत सिंह
अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर अनंत सिंह ने कहा कि अब वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उनकी नजर लोकसभा चुनाव पर है और वह आगे लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं।
वहीं, जनता दल यूनाइटेड (JDU) में वापसी के सवाल पर उन्होंने साफ इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना नेता और भगवान बताया। अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार को उनके साथ हो रही घटनाओं की जानकारी नहीं है और वह फिलहाल अस्वस्थ हैं।
आनंद मोहन के सरेंडर आदेश पर भी बोले अनंत सिंह
पूर्व सांसद आनंद मोहन के सरेंडर आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि जरूरत के हिसाब से लोगों का इस्तेमाल किया जाता है। जब जरूरत थी तो उन्हें जेल से बाहर निकाला गया और अब जरूरत खत्म होने पर वापस जेल भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसी गलतियों के कारण ही सरकारें बदलती हैं।
बेटी की शादी में शामिल हुए मेहमानों का जताया आभार
बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने अपनी बेटी शिवांगी की शादी में शामिल हुए सभी मेहमानों का धन्यवाद किया। उन्होंने शादी में पहुंचकर परिवार को आशीर्वाद देने वाले लोगों के प्रति आभार जताया।





