जयपुर: राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के तीन नेता पार्टी छोड़कर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। जयपुर की पूर्व मेयर और कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुकीं ज्योति खंडेलवाल, तारानगर से पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे चंदनमल बैद के बेटे चंद्रशेखर बैद और पूर्व विधायक नंदलाल पूनियां भाजपा में शामिल हो गए। जोधपुर यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष रवींद्र सिंह भाटी ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। उनके अलावा रिटायर्ड आईपीएस केसर सिंह शेखावत और भीम सिंह बीका, राजस्थान धरोहर प्रोन्नति परिषद के उपाध्यक्ष सांवरमल महिया और मंडावा से निर्दलीय उम्मीदवार रहे डॉ. हरिसिंह भी भाजपा में शामिल हुए हैं।
ये भी पढ़ें : – मुख्यमंत्री चौहान ने वाल्मिकी जयंती और गुरु पुर्णिमा पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई दी
प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने पार्टी कार्यालय में कांग्रेस के इन नेताओं का स्वागत किया। भाजपा पदाधिकारियों ने ज्योति खंडेलवाल और अन्य को भगवा दुपट्टा पहना कर उनका पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि भाजपा हवा नहीं तूफान है। लोगों को पीएम मोदी की गारंटी पर विश्वास है। इसलिए लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। जिनकी ख़ुद की अब कोई गारंटी नहीं, उनकी गारंटी का कोई मतलब नहीं। गारंटी तो मोदी सरकार की है जो असंभव को संभव करके दिखाती है।
ज्योति खंडेलवाल जयपुर में कांग्रेस का प्रमुख महिला चेहरा रही हैं। जयपुर की मेयर रहने के साथ लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। वे पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट की करीबी मानी जाती हैं। किशनपोल सीट से टिकट की दावेदार थीं। भाजपा उन्हें किशनपोल सीट से टिकट दे सकती है। रवींद्र सिंह भाटी लंबे समय से पश्चिमी राजस्थान में सक्रिय हैं। वे शिव से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। उन्हें भाजपा शिव सीट से टिकट दे सकती है।