रांची: राजधानी रांची में आदिवासी संगठनों के काला दिवस कार्यक्रम और खेलगांव में राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन समारोह को लेकर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शनिवार को शहर में करीब 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में 15 डीएसपी भी शामिल हैं।
संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और कार्यक्रम स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं। सुरक्षा की निगरानी एसएसपी राकेश रंजन कर रहे हैं। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि दोनों कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस को अलर्ट रहने और अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
Read more : उपराष्ट्रपति करेंगे काशी तमिल संगमम् के पांचवें आयोजन का उद्घाटन करेंगे
मुख्यमंत्री देंगे 9097 करोड़ की योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को खेलगांव में आयोजित राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान राज्य को करीब 9097 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री कुल 1643 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें सड़क निर्माण की 100 और कल्याण विभाग की 400 योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा पूरी हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा।
42 पुलिस अधिकारियों और जवानों को मिलेगा पदक
समारोह में आईसीएसई, सीबीएसई और जैक बोर्ड के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सात आईपीएस अधिकारियों समेत कुल 42 पुलिस अधिकारियों और जवानों को वीरता और सराहनीय सेवा के लिए पदक दिए जाएंगे।
पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) नरेंद्र कुमार सिंह और रांची एसएसपी राकेश रंजन समेत 13 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को मुख्यमंत्री वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, सीआईडी के आईजी असीम विक्रांत मिंज, एटीएस एसपी राजकुमार मेहता, एसपी अभियान (नक्सल) दीपक शर्मा, गोड्डा एसपी मुकेश कुमार और एआईजी सह डीजीपी के विशेष सहायक दीपक कुमार पांडेय समेत 29 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को झारखंड पुलिस पदक प्रदान किया जाएगा।





