रांची। झारखंड की राजधानी रांची में स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के एक एमबीबीएस छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। छात्र की पहचान अक्षित कुजूर के रूप में हुई है। घटना के बाद उसे गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़े : वट वृक्ष की पूजा कर सुहागिनों ने मांगा अखंड सौभाग्य का वरदान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अक्षित कुजूर रिम्स में एमबीबीएस सेकंड ईयर का छात्र था और हॉस्टल नंबर-8 के एचआईजी ब्लॉक में रहता था। शनिवार को उसने अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि समय रहते अन्य छात्रों और हॉस्टल प्रबंधन को इसकी जानकारी मिल गई।
घटना की सूचना मिलते ही छात्रों और हॉस्टल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा और अक्षित को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद बरियातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि एमबीबीएस छात्र के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल छात्र के कमरे की तलाशी नहीं ली गई है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। अक्षित कुजूर झारखंड के सिमडेगा जिले का रहने वाला था।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




