Ranchi: जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) ने आम दर्शकों के लिए टिकट बिक्री की तारीखों का ऐलान कर दिया है।
दर्शक 5 और 6 अक्टूबर को स्टेडियम के पश्चिमी छोर स्थित विशेष टिकट काउंटरों से टिकट खरीद सकेंगे। काउंटर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे। इस दौरान दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा।
दर्शकों की सुविधा और अधिक से अधिक लोगों को मैच देखने का अवसर देने के लिए एक व्यक्ति अधिकतम दो टिकट ही खरीद सकेगा। टिकटों की बिक्री निर्धारित नियमों के अनुसार की जाएगी।
इसके अलावा क्रिकेट प्रेमियों को ऑनलाइन टिकट खरीदने की सुविधा भी दी गई है। दर्शक जिला डॉट इन के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं। टिकटों की विभिन्न श्रेणियों और कीमतों की जानकारी जेएससीए की ओर से पहले ही जारी की जा चुकी है।
जेएससीए की ओर से बताया गया है कि मुकाबले को लेकर सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। झारखंड सहित दूसरे राज्यों से आने वाले दर्शकों को बेहतर और सुविधाजनक अनुभव देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।


