रांची : बदलते तकनीकी दौर में युवाओं के लिए नई चीजें सीखना और अपने कौशल को लगातार बेहतर बनाना जरूरी है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, जैव-प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष विज्ञान जैसे क्षेत्रों में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। युवाओं को इन बदलावों के साथ कदम मिलाकर चलना होगा। यह बातें झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को रांची में कहीं।
राज्यपाल डोरंडा स्थित जैप-1 के शौर्य सभागार में आईसीएफएआई विश्वविद्यालय, झारखंड के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युवाओं के पास आगे बढ़ने के कई अवसर हैं। उन्हें अपनी सोच का दायरा बढ़ाकर नए अवसरों की तलाश करनी चाहिए। साथ ही अपने ज्ञान और प्रतिभा का इस्तेमाल देश तथा समाज के विकास में करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में युवाओं की भूमिका अहम होगी। केवल डिग्री हासिल करना सफलता के लिए पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरत के अनुसार कौशल विकसित करना चाहिए। उन्हें नौकरी तलाशने के साथ रोजगार देने वाला बनने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए।
संविधान दिवस के अवसर पर राज्यपाल ने संविधान के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान देश के लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों का आधार है। न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूल्यों को हर नागरिक को अपने व्यवहार में अपनाना चाहिए।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों से स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए शोध और नवाचार को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, तकनीक और ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में शोध को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
365 विद्यार्थियों को प्रदान की गई उपाधियां
दीक्षांत समारोह में कुल 365 विद्यार्थियों और शोधार्थियों को डिग्री दी गई। इनमें 10 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि मिली। इसके अलावा एमबीए, बीबीए, बीटेक, बीसीए, डिप्लोमा इन टेक्नोलॉजी, एलएलबी और एलएलएम समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं।
शैक्षणिक प्रदर्शन में बेहतर स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 12 स्वर्ण पदक और दूसरे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थियों को 11 रजत पदक दिए गए।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. टीआरके राव, कुलपति कर्नल रंजीत सिंह और कुलसचिव सुमित कुमार सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Read more : ओबीसी, एससी-एसटी और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की सुरक्षा की मांग, मूलनिवासी संघ ने सौंपा ज्ञापन





