लखनऊ: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि डिग्री से नौकरी का पहला अवसर मिल सकता है, लेकिन आगे आपकी पहचान आपके हुनर और सीखने की क्षमता से बनेगी। इसलिए छात्रों को नए रास्ते अपनाने से नहीं डरना चाहिए।
यह भी पढ़े : CM सम्राट चौधरी ने महाकवि विद्यापति को दी श्रद्धांजलि, राजकीय समारोह में कई मंत्री हुए शामिल
राजनाथ सिंह ने कहा कि डिग्री ही किसी व्यक्ति की पहचान नहीं होती। हर विद्यार्थी को अपनी रुचि और क्षमता को पहचानकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज छात्रों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उनके सामने कई नए अवसर हैं। मेहनत और लगन से वे अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।
युवाओं के लिए सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
रक्षा मंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसर देने के लिए सरकार कई कदम उठा रही है। मेक इन इंडिया की शुरुआत युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने के उद्देश्य से की गई है। वहीं, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के जरिए युवाओं को बड़ी कंपनियों में काम करने का अनुभव मिल रहा है।
उन्होंने अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन का भी जिक्र किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि इसका उद्देश्य देश के युवाओं को शोध और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कौशल विकास का बेहतर माहौल तैयार करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी छात्रों को संबोधित किया।




