रांची: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। सोमवार (23 नवंबर) को राज्य के कई जिलों में बादल छाये रहेंगे। वहीं, कोल्हान और आसपास के दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान गरज के साथ बिजली चमकने की भी आशंका जतायी है।
24 नवंबर से साफ होगा आसमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 24 नवंबर से राज्य में आसमान साफ होने लगेगा। बारिश का दौर खत्म होने के बाद न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा।
कोल्हान के कई जिलों में बारिश की संभावना
23 नवंबर को कोल्हान और आसपास के दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, रांची समेत राज्य के अन्य हिस्सों में बादल छाये रहने का अनुमान है। सोमवार सुबह दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड के आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाने की भी संभावना है।
24 से 28 नवंबर तक सुबह में छाया रहेगा कोहरा
मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 से 28 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सुबह हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने की उम्मीद है।
तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट के आसार
आसमान साफ रहने और बादलों की आवाजाही कम होने से रात के तापमान में गिरावट होगी। अगले 24 घंटे के बाद न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। इससे राज्य में ठंड का प्रभाव बढ़ने की संभावना है।
कोडरमा में सबसे ज्यादा 54 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गयी।
- कोडरमा: 54 मिमी बारिश
- रांची: 4.1 मिमी बारिश
- लातेहार: 2 मिमी बारिश
- खूंटी: करीब 1 मिमी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश थमने के बाद तापमान में गिरावट आएगी। ऐसे में लोगों को सुबह और रात के समय बढ़ती ठंड से सावधान रहने की जरूरत है।




