नोएडा। ठंड और धुंध को देखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा कम कर दी गई है। अब एक्सप्रेसवे पर वाहन चालक अधिकतम 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ही गाड़ी चला सकेंगे। पहले यह सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। नई व्यवस्था 25 नवंबर से लागू हो गई है और 15 फरवरी तक जारी रहेगी।
यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि पहले हर साल 15 दिसंबर से गति सीमा कम की जाती थी। लेकिन इस बार ठंड और धुंध जल्दी शुरू होने के कारण 25 नवंबर से ही यह फैसला लागू कर दिया गया है। निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज वाहन चलाने पर चालान किया जाएगा।
Read more : भागलपुर से भलजोर तक सड़क होगी चौड़ी, 16 गांवों की जमीन का होगा अधिग्रहण
एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा के लिए 24 टीमें तैनात
यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्रबंधक जेके शर्मा ने बताया कि कोहरे के दौरान सड़क हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग के लिए 24 टीमें तैनात की गई हैं।
इसके अलावा दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने के लिए सात एंबुलेंस और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए 12 क्रेन लगाई गई हैं। दोनों तरफ छह-छह क्रेन तैनात रहेंगी।
ओवरलोड वाहनों पर भी होगी कार्रवाई
एक्सप्रेसवे पर ओवरलोड वाहनों की जांच के लिए जीरो प्वाइंट और जेवर टोल के पास विशेष टीमें तैनात की गई हैं। पेट्रोलिंग के लिए 24 गाड़ियां लगाई गई हैं, जो सड़क के दोनों तरफ लगातार निगरानी करेंगी।
आग लगने पर मदद के लिए 8 फायर ब्रिगेड
वाहनों में आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए आठ फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी तैनात की गई हैं। इसके साथ ही वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने का अभियान शुरू किया गया है।
अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे कोहरे के दौरान सावधानी से वाहन चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का उल्लंघन न करें।




