रांची। झारखंड के सरकारी प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में राज्य सरकार एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को 1,042 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह राजधानी रांची के खेलगांव में दोपहर एक बजे आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित अभ्यर्थी शामिल होंगे। नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए सभी जिलों की जिला स्थापना समिति ने अपनी अनुशंसा प्राथमिक शिक्षा निदेशालय को भेज दी है।
यह भी पढ़े : व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण की दिशा में होगी ठोस पहल : सुदिव्य
कक्षा एक से आठ तक के विद्यालयों में होगी नियुक्ति
इस चरण में कक्षा एक से पांच तक के लिए 274 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। वहीं कक्षा छह से आठ तक के लिए 768 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इन नियुक्तियों के बाद कई सरकारी विद्यालयों में लंबे समय से खाली पड़े शिक्षकों के पद भर सकेंगे। सरकार का मानना है कि इससे प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था मजबूत होगी तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।




