पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता तथा समयबद्धता का विशेष ध्यान रखें।
यह भी पढ़े : राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने आवास पर अभियान की प्रगति और इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, बस अड्डों तथा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने विद्यालयों की व्यवस्था में सुधार के लिए रंग-रोगन, चहारदीवारी निर्माण और मरम्मती कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बेहतर शौचालय, शुद्ध पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
सम्राट चौधरी ने जरूरत के अनुसार अतिरिक्त वर्ग-कक्षों का निर्माण कराने तथा भवनविहीन विद्यालयों के लिए नए भवन बनवाने को भी कहा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश भी दिया।
मुख्यमंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, अनुमंडल स्वास्थ्य केंद्रों और जिला स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए कहा कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई, जरूरी सुविधाओं और मरीजों की सहूलियत पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने बस अड्डों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग बस अड्डों से आवागमन करते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके लिए जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द चालू कराने तथा जरूरत के अनुसार नई स्ट्रीट लाइटें लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने सार्वजनिक नलकूपों की समुचित मरम्मत कराने और उन्हें पूरी तरह क्रियाशील बनाए रखने को भी कहा, ताकि आम लोगों को इन सुविधाओं का समुचित लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से अभियान के तहत निर्धारित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति में प्रभावी सुधार सुनिश्चित करने को कहा।


