गिरिडीह। गिरिडीह नगर निगम चुनाव के दौरान सोमवार को वार्ड संख्या 18 में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गयी। हंगामे के बाद आक्रोशित लोगों ने कई दुकानों में तोड़फोड़ की। इस दौरान हुई फायरिंग में दो लोगों को गोली लगी। घायलों में मो शमीम अंसारी उर्फ शेरू और मो असलम हैं। दोनों को गंभीर अवस्था में धनबाद रेफर किया गया है। शेरू के सिर में गोली लगी है, जबकि असलम के पैर में गोली लगी है। जानकारी के अनुसार, वार्ड 18 में मतदान शुरू होते ही दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गयी थी। दिन भर रुक-रुककर झड़प और मारपीट होती रही, जिस पर पुलिस को कई बार हस्तक्षेप करना पड़ा।
पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग
स्थिति उस समय और बिगड़ गयी, जब मतदान के अंतिम चरण में आजाद नगर मोहल्ले में दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गये। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और तोड़फोड़ शुरू हो गयी। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गयी, जिसमें दो लोग घायल हो गये। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव और पचंबा थाना की पुलिस समेत कई अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गये। घायलों को तत्काल सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को एसएनएमएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.



