नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का रविवार को राष्ट्रपति भवन में भव्य औपचारिक स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान बालेंद्र शाह ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। समारोह में प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद रहे।
स्वागत समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के सदस्यों से मुलाकात की। इसके बाद बालेंद्र शाह ने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बालेंद्र शाह अपनी पहली भारत यात्रा पर शनिवार को नई दिल्ली पहुंचे थे। 36 वर्षीय शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है। उनकी इस यात्रा को भारत और नेपाल के संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस यात्रा के दौरान भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा, रेलवे, कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचे, तकनीक, मानव संसाधन विकास और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हो रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बालेंद्र शाह के बीच होने वाली द्विपक्षीय वार्ता में दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने और सहयोग के नए अवसर तलाशने पर जोर रहेगा।
नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ 35 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। यात्रा के दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का आयोजन भी किया जाएगा।
भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से मजबूत संबंध रहे हैं। दोनों देशों के बीच खुली सीमा, साझा संस्कृति, परंपराओं और आपसी विश्वास के आधार पर गहरे रिश्ते हैं। विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए दोनों देशों के बीच 40 से अधिक द्विपक्षीय संस्थागत तंत्र भी काम कर रहे हैं।




